रघुराज सिंह संवाददाता
बीजपुर(सोनभद्र)। भीषण गर्मी के बीच बीजपुर और नधिरा उपकेंद्र की बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमराती नजर आ रही है। कागजों में गांवों को 18 घंटे बिजली देने का दावा किया जा रहा है, लेकिन हकीकत में लोगों को मुश्किल से 8 घंटे ही आपूर्ति मिल पा रही है। 42 से 43 डिग्री तापमान के बीच अंजानी, नधिरा, लिलाडेवा, महुली, रजमिलान, जरहा, नेमना, सिरसोती, डोडहर और बीजपुर समेत कई गांवों में लोग बिजली संकट से बेहाल हैं। लगातार फाल्ट, ट्रिपिंग, ओवरलोड और ब्रेकडाउन की समस्या ने लोगों की दिनचर्या बिगाड़ दी है। भीषण उमस में लोग रातभर जागने को मजबूर हैं, जबकि पेयजल संकट भी गहराता जा रहा है।
• बिजली विभाग पर फूटा गुस्सा, ग्रामीण बोले- अब जनता देगी जवाब
ग्रामीणों का आरोप है कि रोस्टर के अनुसार बिजली आपूर्ति मिलना अब सपना बन चुका है। लोगों का कहना है कि आए दिन लाइन फाल्ट और ओवरलोड की समस्या से पूरा क्षेत्र परेशान है, लेकिन विभाग स्थायी समाधान नहीं निकाल पा रहा। ग्रामीणों ने चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि जनता की इस दुर्दशा का जवाब आने वाले समय में दिया जाएगा। वहीं म्योरपुर के एसडीओ शिवम गुप्ता ने बताया कि भीषण गर्मी के कारण 33/11 केवीए लाइन पर लगातार फाल्ट हो रहे हैं। इंसुलेटर फटने और तार टूटने जैसी तकनीकी समस्याओं से विभाग जूझ रहा है, जिसके चलते आपूर्ति प्रभावित हो रही है।