मनीष कुमार संवाददाता
सोनभद्र। जनपद के दुद्धी में तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि बाइक चालक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई। वहीं बाइक पर पीछे बैठा दूसरा युवक भी घायल हुआ है। बताया जा रहा है कि दोनों युवक ससुराल घूमने आए थे और वापस लौटते समय हादसे का शिकार हो गए। पुलिस ने हादसे के बाद भाग रही पिकअप को पकड़ लिया है और पूरे मामले में कार्रवाई की जा रही है।
घटना सोनभद्र के दुद्धी कोतवाली क्षेत्र की है, जहां जपला धनौरा गांव में सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं। रविवार की शाम बाइक सवार दो युवक अपनी ससुराल से वापस लौट रहे थे। जैसे ही दोनों जपला तिराहे के पास पहुंचे, तभी विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार बाबूलाल बैगा और उनके रिश्तेदार हंसलाल बैगा सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। दोनों घायलों को आनन-फानन में निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी ले जाया जा रहा था, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही बाबूलाल बैगा ने दम तोड़ दिया।
वहीं हादसे में घायल हंसलाल बैगा का अस्पताल में उपचार चल रहा है। बताया जा रहा है कि बाबूलाल बैगा बभनी थाना क्षेत्र के चौना गांव के रहने वाले थे और कुछ माह पहले ही उनकी शादी हुई थी। दोनों युवक ससुराल घूमने आए थे और वापस लौटते वक्त यह दर्दनाक हादसा हो गया।
उधर, हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की। शव को पोस्टमार्टम के लिए सीएचसी दुद्धी स्थित मर्चरी हाउस भेज दिया गया है। हादसे के बाद भाग रही पिकअप को पुलिस ने रानू तिराहे के पास पकड़कर कब्जे में ले लिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच और आगे की कार्रवाई में जुटी है।