मनीष कुमार संवाददाता
दुद्धी(सोनभद्र)। मल्देवा गांव निवासी 16 वर्षीय चमन अंसारी पुत्र फिरोज अंसारी लवकुश पार्क के समीप बह रही लऊवा नदी में नहाने गया था। नहाते समय अचानक वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। आसपास मौजूद लोगों ने उसे बाहर निकाला, लेकिन तब तक वह अचेत हो चुका था। सूचना पर पहुंची 108 एंबुलेंस से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी ले जाया गया, जहां चिकित्सक डॉ. मनोहर सिंह ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
• पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव, तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर था चमन
घटना की सूचना मिलते ही कस्बा चौकी प्रभारी श्यामजी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। चमन राजकीय इंटर कॉलेज दुद्धी में कक्षा नौ का छात्र था और तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर था। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया, जबकि गांव में शोक की लहर दौड़ गई। लऊवा नदी में लगातार हो रहे हादसों ने नदी में नहाने की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।