रघुराज सिंह संवाददाता
बीजपुर। बैढ़न-बीजपुर मार्ग पर गनियारी में गड्ढों में तब्दील सड़क पर बाइक अनियंत्रित होने से पत्नी और बच्चों के साथ जा रहे दिलीप गुप्ता पुत्र चंद्रिका प्रसाद, निवासी नेमना थाना बीजपुर गंभीर रूप से घायल हो गए। वह अपनी पत्नी का अल्ट्रासाउंड कराने के लिए बैढ़न मध्यप्रदेश जा रहे थे। हादसे के बाद मौके पर राहगीरों और आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई, लेकिन घायल परिवार की मदद के लिए कोई आगे नहीं आया। इसी दौरान वहां से गुजर रहे दीपक कुमार पुत्र अर्जुन प्रसाद ने अपनी गाड़ी रोककर घायल परिवार को तत्काल वंदना अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। हादसे में दिलीप गुप्ता के सिर में गंभीर चोट आने की जानकारी है, जबकि बच्चों के सिर पर भी चोटें आई हैं।
• गनियारी-अंबेडकर चौक मार्ग की बदहाल स्थिति पर ग्रामीणों में आक्रोश
प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि गनियारी से अंबेडकर चौक तक सड़क की खराब स्थिति के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से सड़क के गड्ढों को भरवाने की मांग करते हुए सिंगरौली जिलाधिकारी का ध्यान भी समस्या की ओर आकृष्ट कराया है। हादसे की सूचना बैढ़न पुलिस को दे दी गई है और पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है। हादसे के दौरान भीड़ के तमाशबीन बने रहने के बीच घायल परिवार की मदद कर अस्पताल पहुंचाने वाले दीपक कुमार की पहल ने इंसानियत की मिसाल पेश की।