शिवेंदु श्रीवास्तव की रिपोर्ट
घोरावल(सोनभद्र)। घोरावल कोतवाली क्षेत्र के गुरुवल गांव स्थित कोलिया घाटी में तेज रफ्तार बाइक दर्दनाक हादसे का शिकार हो गई। बताया जा रहा है कि पड़वनिया निवासी राजकुमार (26) अपने साथी लवकुश निवासी चिंगोरी के साथ बाइक से जा रहा था। इसी दौरान घाटी के ढलान पर बाइक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
• अस्पताल पहुंचते ही युवक ने तोड़ा दम, घायल की हालत गंभीर
स्थानीय ग्रामीणों की मदद से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घोरावल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने राजकुमार को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल लवकुश को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के अनुसार घायल युवक के पैर की हड्डी टूट गई है। घटना के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे की जांच शुरू कर दी है।