शिवेंदु श्रीवास्तव की रिपोर्ट
राबर्ट्सगंज(सोनभद्र)। आगामी बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में सम्पन्न कराने को लेकर कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी चर्चित गौड़ और पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा की अध्यक्षता में पीस कमेटी एवं धर्मगुरुओं की बैठक आयोजित हुई। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों, धर्मगुरुओं और प्रबुद्धजनों ने हिस्सा लिया। जिलाधिकारी ने कहा कि पर्व आपसी भाईचारे और शांति के साथ मनाया जाए तथा किसी भी नई परंपरा की शुरुआत नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने सभी उप जिलाधिकारियों और क्षेत्राधिकारियों को क्षेत्र में भ्रमण कर शांति व्यवस्था का जायजा लेने और स्थानीय स्तर पर पीस कमेटी बैठकें आयोजित करने के निर्देश दिए। साथ ही साफ-सफाई, पेयजल और बिजली व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए।
• सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने कहा कि प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी किसी भी स्थिति में न की जाए और सार्वजनिक स्थलों पर कुर्बानी पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। उन्होंने सड़कों पर नमाज अदा न करने और खुले में मांस या अवशेष न फेंकने के निर्देश दिए। प्रशासन ने कहा कि सोशल मीडिया पर फैलने वाली फेक न्यूज और अफवाहों पर नजर रखी जा रही है तथा भ्रामक पोस्ट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) बगीश कुमार शुक्ला, अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय अनिल कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन ऋषभ रुणवाल सहित कई अधिकारी और धर्मगुरु मौजूद रहे।