वीरेंद्र कुमार संवाददाता
विंढमगंज(सोनभद्र)। विकासखंड दुद्धी अंतर्गत ग्राम पंचायत महुली में कब्रिस्तान महुली से पतरिहा बॉर्डर तक सड़क निर्माण कार्य का शुभारंभ ग्राम प्रधान अरविंद जायसवाल द्वारा किया गया। सड़क निर्माण शुरू होने से ग्रामीणों में खुशी का माहौल देखने को मिला। लंबे समय से खराब सड़क के कारण लोगों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था, खासकर बरसात के दिनों में हालात और खराब हो जाते थे। ग्रामीणों ने बताया कि यह सड़क महुली और पतरिहा क्षेत्र के लोगों के लिए बेहद महत्वपूर्ण मार्ग है, जहां से रोजाना किसान, छात्र और राहगीर गुजरते हैं। सड़क खराब होने से कीचड़, धूल और दुर्घटनाओं जैसी समस्याएं बनी रहती थीं।
• भाजपा जिलाध्यक्ष को प्रस्ताव देने के बाद मिली स्वीकृति
ग्राम प्रधान अरविंद जायसवाल ने बताया कि सड़क की समस्या को गंभीरता से लेते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष नंदलाल गुप्ता को प्रस्ताव देकर निर्माण की मांग की गई थी। जनहित को देखते हुए प्रस्ताव स्वीकृत हुआ और अब सड़क निर्माण कार्य शुरू कराया गया है। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत महुली में विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है और ग्रामीणों की मूलभूत समस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। सड़क निर्माण शुरू होने पर ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान और संबंधित अधिकारियों के प्रति आभार जताया।