SVG इण्डिया न्यूज रूम
घोरावल(सोनभद्र)। सावन के अंतिम सोमवार पर शिवद्वार धाम स्थित श्री उमामहेश्वर मंदिर में आस्था का महासैलाब उमड़ पड़ा। भोर से देर रात तक श्रद्धालुओं की लंबी कतार लगी रही। मंदिर प्रबंधन के मुताबिक करीब डेढ़ लाख श्रद्धालुओं ने दर्शन-पूजन और जलाभिषेक किया, जिसमें करीब 10 हजार डाक बम कांवरिए भी शामिल रहे। रविवार की दोपहर बाद से ही कांवरियों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। मिर्जापुर के बैरियाघाट और विजयगढ़ दुर्ग स्थित रामसागर से जल लेकर कांवरिए शिवद्वार पहुंचे। मुख्य पुजारी सुरेश गिरि के साथ सुभाष गिरि, शिवराज गिरि, अजय गिरि और सतीश गिरि ने भगवान भोलेनाथ व माता पार्वती की मंगला आरती की। इसके बाद रात करीब एक बजे डाक बम कांवरियों ने जलाभिषेक शुरू किया और आम श्रद्धालुओं व अन्य कांवरियों के जलाभिषेक का क्रम देर रात तक चलता रहा।
बारिश और रिमझिम फुहारों के बीच भी कांवरियों के उत्साह में कोई कमी नहीं आई। मध्य प्रदेश के सीमावर्ती क्षेत्रों के साथ सोनभद्र, मिर्जापुर, भदोही और प्रयागराज से बड़ी संख्या में कांवरिए पहुंचे। कांवर यात्रा के दौरान 50 से अधिक आकर्षक झांकियां निकाली गईं और डीजे पर भक्ति गीतों के बीच कांवरिए नाचते-गाते व बोल बम के जयघोष करते हुए शिवद्वार पहुंचे। गौरीशंकर धाम, बरेला महादेव, रॉबर्ट्सगंज के वीरेश्वर महादेव, सोमनाथ मंदिर और रौंप स्थित पंचमुखी महादेव सहित जिले के अन्य शिवालयों में भी श्रद्धालुओं की भीड़ रही। भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने मंदिर परिसर और प्रमुख मार्गों पर सीसीटीवी कैमरों व ड्रोन से निगरानी कराई। पुलिस बल की तैनाती के साथ यातायात व्यवस्था संभालने के लिए पुलिसकर्मी लगातार सक्रिय रहे और अपर पुलिस अधीक्षक (नक्सल) ऋषभ रुणवाल, एसडीएम विशाल कुमार, सीओ राजेश कुमार राय व कोतवाली प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार सिंह समेत प्रशासनिक अधिकारियों ने व्यवस्थाओं का जायजा लिया।