रघुराज सिंह संवाददाता
बीजपुर(सोनभद्र)। खंड शिक्षा क्षेत्र म्योरपुर के जरहा न्याय पंचायत अंतर्गत कंपोजिट विद्यालय महुली, प्राथमिक विद्यालय समथरहवा, प्राथमिक विद्यालय बिछियारी और पूर्व माध्यमिक विद्यालय लीलाडेवा सहित अन्य विद्यालयों में शिक्षकों के नियमित रूप से विद्यालय से नदारद रहने को लेकर सवाल उठ रहे हैं। आरोप है कि विद्यालय में उपस्थित नहीं रहने के बावजूद शिक्षकों की उपस्थिति दर्ज हो रही है और उन्हें वेतन भी मिल रहा है। स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि कभी अटैचमेंट तो कभी सीसीएल समेत अन्य प्रक्रियाओं का सहारा लेकर गैरहाजिरी को नियमित करने का खेल चल रहा है। हालांकि इन आरोपों की विभागीय पुष्टि अभी नहीं हुई है।
• जांच के बाद कार्रवाई का भरोसा, शिक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
ग्रामीणों का कहना है कि यदि शिक्षक नियमित रूप से विद्यालय नहीं पहुंचेंगे तो बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होना स्वाभाविक है। आरोप यह भी है कि विभागीय जांच की भनक लगते ही संबंधित शिक्षक विद्यालय में उपस्थित हो जाते हैं, जिससे वास्तविक स्थिति सामने नहीं आ पाती। इस मामले में म्योरपुर के बीईओ सुनील कुमार ने बताया कि मामले की जांच कराई जाएगी और जांच में तथ्य सामने आने पर कार्रवाई की जाएगी।