रघुराज सिंह संवाददाता
बीजपुर(सोनभद्र)। थाना क्षेत्र के ग्राम सभा सिरसोती के टोला पुनर्वास में रविवार की रात एक गर्भवती महिला ने संदिग्ध परिस्थितियों में घर में फांसी लगाकर जान दे दी। मृतका की पहचान खुशबू (22) पत्नी सोनू कुमार भारती के रूप में हुई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई के बाद एनटीपीसी रिहंद के धनवंतरी चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवा दिया। मृतका के पति सोनू कुमार के अनुसार रविवार रात करीब आठ बजे वह पत्नी से बाजार जाने की बात कहकर घर से निकला था। वापस लौटने पर कमरा अंदर से बंद मिला। काफी आवाज देने और दरवाजा खटखटाने के बाद भी दरवाजा नहीं खुला तो उसने घर के ऊपर चढ़कर देखा, जहां पत्नी लकड़ी के बड़ेर में घरेलू रस्सी के सहारे फांसी पर लटक रही थी। शोर सुनकर आसपास के लोग जुट गए और पीआरबी-112 की मदद से महिला को नीचे उतारकर धनवंतरी चिकित्सालय ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सोमवार को पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई कर शव पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी भेज दिया।
• मायके पक्ष ने निष्पक्ष जांच की मांग उठाई
मृतका की मां शांति पत्नी रामचंदर निवासी नधिरा ने बताया कि खुशबू की शादी करीब एक वर्ष पहले हुई थी और रविवार दिन में भी बेटी से फोन पर बात हुई थी। उनका आरोप है कि बाद में दामाद का मोबाइल बंद हो गया और रात करीब दो बजे उन्हें बेटी के फांसी लगाने की सूचना मिली। मायके पक्ष के अनुसार खुशबू आठ महीने की गर्भवती थी और कुछ ही दिनों में बच्चे का जन्म होने वाला था। परिजनों ने मौत की परिस्थितियों पर सवाल उठाते हुए पुलिस को तहरीर देकर निष्पक्ष जांच, घटना का पर्दाफाश और आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। बताया गया कि सोनू की पहली पत्नी पहले ही छोड़कर चली गई थी और उससे उसके दो बच्चे हैं, जिसके बाद खुशबू उसकी दूसरी पत्नी थी। इस संबंध में थानाध्यक्ष राजेश कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी भेजा जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
.