रिपोर्ट: डॉ. परमेश्वर दयाल श्रीवास्तव
राबर्ट्सगंज(सोनभद्र)। पुलिस लाइन सभागार में पुलिस क्षेत्राधिकारी ट्रैफिक डॉ. चारू द्विवेदी की अध्यक्षता में व्यापारी सुरक्षा प्रकोष्ठ की बैठक आयोजित हुई, जिसमें टोल प्लाजा पर कथित अनियमितताओं का मुद्दा पूरी बैठक में छाया रहा। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन के जिला अध्यक्ष कौशल शर्मा ने कहा कि जिले में प्राइवेट फाइनेंस कंपनियां रिकवरी एजेंटों के जरिए ग्राहकों को डराने, धमकाने और सार्वजनिक रूप से अपमानित कर आर्थिक उत्पीड़न करने का आरोप झेल रही हैं। उन्होंने कहा कि आरबीआई के नियमों के अनुसार रिकवरी एजेंट सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे के बीच ही संपर्क कर सकते हैं और किसी भी तरह का बाहुबल प्रयोग नहीं कर सकते। उन्होंने लोगों से ऐसे मामलों में पुलिस से शिकायत करने की अपील की। बैठक में सड़क हादसों में बढ़ती मौतों पर भी चिंता जताई गई और राहबीर योजना व कैशलेस उपचार योजना 2025 के व्यापक प्रचार-प्रसार की मांग उठाई गई।
• साइबर फ्रॉड और नशेड़ियों के आतंक पर जताई चिंता
बैठक में व्यापारियों ने साइबर अपराध के बढ़ते मामलों को लेकर भी चिंता जताई। कौशल शर्मा ने कहा कि कई व्यापारियों के खातों में कथित रूप से साइबर फ्रॉड का पैसा आने से खाता संचालन में दिक्कतें पैदा हो रही हैं, ऐसे मामलों में विभागीय दिशा-निर्देश जारी किए जाने चाहिए। वहीं जैत और परासी क्षेत्र में नशेड़ियों द्वारा वाहनों को रोककर मारपीट और छिनैती जैसी घटनाओं का भी मुद्दा उठाया गया। मुख्यालय के कई मोहल्लों में शाम ढलते ही नशेड़ियों के जमावड़े से महिलाओं और आम नागरिकों में असुरक्षा की भावना बढ़ने की बात कही गई। बैठक में प्रशांत जैन, यशपाल सिंह, नागेंद्र मोदनवाल, दिनेश सिंह, अभिषेक और अमित अग्रवाल समेत कई व्यापारी मौजूद रहे।