सौरभ की रिपोर्ट
घोरावल(सोनभद्र)। थाना घोरावल पुलिस द्वारा क्षेत्र के प्रमुख जलाशयों, तालाबों और पोखरों के आसपास जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को सतर्क किया गया। अभियान के तहत बैनर और पोस्टर के माध्यम से लोगों को गहरे पानी में जाने से बचने, सावधानी बरतने और सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की गई। पुलिस ने लोगों को बताया कि थोड़ी सी लापरवाही भी बड़ा हादसा बन सकती है, इसलिए जलाशयों के पास विशेष सतर्कता जरूरी है।
• बारिश और गर्मी के मौसम में बढ़ जाते हैं हादसों के मामले
पुलिस ने बताया कि गर्मी और बारिश के दौरान लोग नहाने, घूमने या सेल्फी लेने के लिए तालाब और जलाशयों के पास पहुंच जाते हैं, जिससे डूबने जैसी घटनाएं सामने आती हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए लोगों को लगातार जागरूक किया जा रहा है ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके। पुलिस ने अभिभावकों से बच्चों पर विशेष नजर रखने और गहरे पानी के पास अकेले न जाने देने की अपील भी की है।