रिपोर्ट: डॉ. परमेश्वर दयाल श्रीवास्तव
सोनभद्र। ऑपरेशन शुद्धि के तहत हाथीनाला पुलिस एवं एएनटीएफ यूनिट लखनऊ की संयुक्त टीम ने एक शातिर गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने एम्बुलेंस वाहन के फर्श में एल्यूमिनियम की चादर के नीचे बनाए गए गुप्त कैबिनेट से 36 टेपशुदा बंडलों में कुल 81.300 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत 41 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस के अनुसार, दिनांक 24/25 अगस्त की रात्रि मुखबिर की सूचना पर हाथीनाला क्षेत्र में दुद्धी मार्ग पर चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान संदिग्ध एम्बुलेंस को रोकने का प्रयास किया गया तो चालक ने भागने की कोशिश की, जिसे पुलिस टीम ने पकड़ लिया। तलाशी के दौरान एम्बुलेंस के फर्श में बने गुप्त कैबिनेट से गांजा बरामद हुआ।
पकड़े गए चालक ने अपना नाम समीर सरकार पुत्र त्रिशंकु सरकार, उम्र करीब 35 वर्ष, निवासी निशीन्दरा कॉलोनी, फरक्का, मुर्शिदाबाद, पश्चिम बंगाल बताया। जामा तलाशी में उसके पास से एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन और 1,100 रुपये नगद भी बरामद हुए। तस्करी में प्रयुक्त एम्बुलेंस को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया, जिसकी अनुमानित कीमत 7 लाख रुपये है। पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि गांजा उड़ीसा के सम्बलपुर से एम्बुलेंस में लोड कराया गया था और उसे सुल्तानपुर ले जाया जा रहा था। वहां एक अज्ञात व्यक्ति के माध्यम से गांजा उतारकर उसके बदले पैसे दिए जाने थे। अभियुक्त ने एक अन्य व्यक्ति के साथ मिलकर गांजा तस्करी करने और लाभ आपस में बांटने की बात भी बताई।