रघुराज सिंह संवाददाता
बीजपुर(सोनभद्र)। बीजपुर बाजार स्थित सब्जी मंडी में शुक्रवार को मुकुट पूजन और नारद मोह की लीला के मंचन के साथ रामलीला का शुभारंभ हुआ। दुद्धी के पूर्व विधायक हरिराम चेरो और समाजसेवी रामाज्ञा सिंह ने फीता काटकर एवं मुकुट पूजन कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। वृंदावन से आए भक्त चरित्र सेवा संस्थान श्रीधाम वृंदावन के श्री बांके बिहारी रासलीला एवं रामलीला संस्थान के व्यास वीरेंद्र तिवारी और कलाकारों ने नारद मोह प्रसंग का शानदार मंचन किया। कलाकारों की प्रस्तुति देखकर दर्शक भावविभोर हो गए। अतिथियों ने कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन सत्य, मर्यादा, त्याग और कर्तव्यनिष्ठा की प्रेरणा देता है तथा रामलीला समाज को आदर्श जीवन जीने की सीख देती है।
• धार्मिक आयोजन के साथ सामाजिक सरोकार की पहल रामलीला कमेटी के अध्यक्ष बृज किशोर गुप्त ने बताया कि परंपरा के अनुसार इस वर्ष भी 20 अक्टूबर तक रामलीला का मंचन होगा। 19 अक्टूबर को कन्या पूजन के साथ विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। वहीं राम विवाह के दिन कमेटी की ओर से पांच निर्धन वर-वधुओं का विवाह कराया जाएगा। कार्यक्रम में सुरेंद्र अग्रहरि, लल्लन सिंह, उपेंद्र सिंह, देवधारी गुप्ता, गौतम वर्मा, यशवंत सिंह, इंद्रदेव, वीरेंद्र गुप्ता, सतवंत सिंह और सीताराम शर्मा सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। कमेटी के सदस्यों ने सुरक्षा व्यवस्था संभाली और कार्यक्रम का संचालन धनंजय शर्मा ने किया।
.