रॉबर्ट्सगंज(सोनभद्र)। ग्राम कुरा, चुर्क क्षेत्र में रेलवे ट्रैक के किनारे एक नवजात बालिका मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही चाइल्ड हेल्पलाइन की टीम ने डायल 112 पुलिस के सहयोग से तत्काल मौके पर पहुंचकर बालिका को सुरक्षित रेस्क्यू किया। जिलाधिकारी चर्चित गौर के संरक्षण एवं जिला प्रोबेशन अधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह भदौरिया के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई में परियोजना समन्वयक मुकेश कुमार सिंह, सुपरवाइजर अंशु गिरि एवं सुधा गिरि ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। रेस्क्यू के बाद बालिका को चिकित्सकीय परीक्षण एवं उपचार के लिए रॉबर्ट्सगंज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार चल रहा है।
• लावारिस बच्चों की सूचना 1098 या 112 पर देने की अपील
परियोजना समन्वयक मुकेश कुमार सिंह ने बताया कि चाइल्ड हेल्पलाइन का उद्देश्य संकटग्रस्त, असुरक्षित और परित्यक्त बच्चों को तत्काल सहायता एवं संरक्षण उपलब्ध कराना है। उन्होंने जनसामान्य से अपील की कि कहीं भी कोई नवजात शिशु या बच्चा असुरक्षित अथवा लावारिस अवस्था में दिखाई दे तो तत्काल चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 या पुलिस हेल्पलाइन 112 पर सूचना दें। उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। यदि कोई व्यक्ति बच्चे का पालन-पोषण करने में असमर्थ है तो उसे असुरक्षित छोड़ने के बजाय बाल कल्याण समिति अथवा चाइल्ड हेल्पलाइन के माध्यम से वैधानिक संरक्षण दिलाएं।
SVG इण्डिया न्यूज डेस्क






