SVG इण्डिया न्यूज रूम
घोरावल(सोनभद्र)। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के परसौना गांव में विषैले जंतु के काटने से 27 वर्षीय महिला की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। जानकारी के अनुसार, परसौना गांव निवासी कुमारी मीरा (27 वर्ष) घर में घरेलू काम कर रही थीं। इसी दौरान उनके हाथ की अंगुली में किसी विषैले जंतु ने काट लिया। घटना के बाद उनकी हालत बिगड़ने लगी तो परिजन उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) घोरावल लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के साथ इंजेक्शन दिया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उन्हें जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। परिजन उन्हें लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां कुछ देर बाद उनकी मौत हो गई। चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
• पत्नी की मौत से पति और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
मृतका के पति लवकुश ने बताया कि उनकी पत्नी को घरेलू काम के दौरान किसी विषैले जंतु ने काट लिया था, जिसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। उन्हें घोरावल सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। हालांकि, जिला अस्पताल पहुंचने के कुछ ही देर बाद उनकी मौत हो गई। महिला की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना के बाद स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में शोक का माहौल है।