बभनी(सोनभद्र)। विकास खंड बभनी की ग्राम पंचायत बभनी के करमहलटोला निवासी जन्म से दृष्टिबाधित दो सगे भाई-बहन सरकारी योजनाओं का लाभ पाने के लिए प्रयासरत हैं। रामबरन (42) और उनकी बहन रामधनी उर्फ रायमनी (32) का आरोप है कि दिव्यांगता के बावजूद उन्हें पेंशन सहित कई सरकारी सुविधाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। रामबरन के अनुसार, पहले उन्हें दिव्यांग पेंशन मिलती थी, लेकिन पिछले तीन वर्षों से बंद है, जबकि उनकी बहन को अब तक पेंशन स्वीकृत नहीं हुई है।
• आवास और अन्य सुविधाओं के लिए भी लगाई गुहार
परिजनों के मुताबिक, दोनों भाई-बहन निरामया स्वास्थ्य बीमा, डे-केयर और पुनर्वास जैसी योजनाओं के लाभ से भी वंचित हैं। उनका कहना है कि आवास की सुविधा के लिए भी कई बार संबंधित अधिकारियों और ग्राम पंचायत स्तर पर अपनी बात रखी गई, लेकिन अभी तक समाधान नहीं हुआ है। रामबरन ने जिलाधिकारी से पेंशन बहाल कराने, बहन की पेंशन स्वीकृत कराने और पात्रता के अनुसार अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने की मांग की है।
इस संबंध में खंड विकास अधिकारी बभनी मनीष सिंह ने बताया कि उन्हें कार्यभार संभाले अभी तीन दिन हुए हैं। मामले की जांच कराकर पात्रता के आधार पर दोनों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
अजीत पाण्डेय संवाददाता







