यशस्वी कन्नौजिया संवाददाता
चोपन(सोनभद्र)। चोपन थाना क्षेत्र में बिना पंजीकरण और निर्धारित मानकों के विपरीत संचालित किए जा रहे एक कथित अवैध क्लीनिक पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने छापेमारी कर कार्रवाई की। गुप्त सूचना के आधार पर पहुंची टीम ने परिसर की जांच की, जहां मरीजों को भर्ती करने और उनके इलाज की व्यवस्था मिली। छापेमारी के दौरान मौके से तीन बेड, सर्जिकल उपकरण और विभिन्न प्रकार की दवाइयां बरामद की गईं। जांच टीम ने जब क्लीनिक संचालक से संस्थान के पंजीकरण संबंधी दस्तावेज, चिकित्सकीय अभिलेख और संचालन की वैध अनुमति मांगी, तो वह कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र में बिना पंजीकरण संचालित हो रहे चिकित्सा संस्थानों को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।
• अवैध क्लीनिकों और पैथोलॉजी सेंटरों के खिलाफ जारी रहेगा अभियान
मामले की जानकारी देते हुए अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी (एसीएमओ) डॉ. गुलाब शंकर यादव ने बताया कि क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित चिकित्सा संस्थानों के संबंध में लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इन्हीं शिकायतों के क्रम में संबंधित क्लीनिक पर छापेमारी की गई। उन्होंने बताया कि क्लीनिक संचालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के लिए वैधानिक प्रक्रिया पूरी की जा रही है। स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया कि आम जनता की सेहत और जिंदगी के साथ खिलवाड़ करने वाले फर्जी चिकित्सकों तथा बिना पंजीकरण संचालित क्लीनिकों और अस्पतालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। एसीएमओ के अनुसार, सोनभद्र जिले में अवैध क्लीनिकों और पैथोलॉजी सेंटरों की जांच का अभियान आगे भी जारी रहेगा। विभाग का उद्देश्य चिकित्सा सेवाओं के नाम पर लोगों की जान जोखिम में डालने वाली गतिविधियों पर रोक लगाना और मरीजों को सुरक्षित एवं मानकों के अनुरूप स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है।