वीरेंद्र कुमार संवाददाता
विंढमगंज/सोनभद्र। थाना क्षेत्र के मुख्य बाजार में सड़क पार कर रही करीब 70 वर्षीय महिला को बाइक सवार किशोर ने टक्कर मार दी। हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला की पहचान लखपतिया देवी, पत्नी सुखदेव पासवान, निवासी मुडिसेमर के रूप में हुई है।
• प्राथमिक उपचार के बाद दुद्धी रेफर, मस्तिष्क में लगी गंभीर चोट
ग्रामीणों के अनुसार ग्राम घिवही, केवाल निवासी प्रीतम सिंह, पुत्र विजय सिंह, उम्र करीब 15 वर्ष, और पंकज कुमार, पुत्र गोपाल राम, उम्र करीब 14 वर्ष, नगर झारखंड की ओर से आ रहे थे। इसी दौरान विंढमगंज मुख्य बाजार में सड़क पार कर रही लखपतिया देवी बाइक की चपेट में आ गईं और सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। स्थानीय लोगों की मदद से घायल महिला को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सक सत्येंद्र प्रसाद ने उनका उपचार किया। हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी रेफर कर दिया गया। महिला के मस्तिष्क में गंभीर चोट लगी है, जिसके चलते उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। हादसे के बाद पहुंची पुलिस मोटरसाइकिल को थाने ले गई। स्थानीय लोगों ने मुख्य बाजार में वाहनों की गति नियंत्रित करने और यातायात व्यवस्था बेहतर करने की मांग की है।