SVG इण्डिया न्यूज डेस्क
घोरावल(सोनभद्र)। घोरावल कोतवाली क्षेत्र के नौगवां नंदलाल गांव में मौसम के अचानक बदले मिजाज ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। आम बीनने निकली 13 वर्षीय अंशिका उर्फ पूजा और उसकी 10 वर्षीय मौसेरी बहन आंचल आकाशीय बिजली की चपेट में आ गईं। दोनों बच्चियां घर से कुछ दूरी पर आम बीन रही थीं, तभी तेज हवा, बारिश और गरज-चमक के बीच बिजली गिर गई। गंभीर रूप से झुलसी दोनों बच्चियों को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घोरावल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
• गांव में मचा कोहराम, पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
ग्रामीणों के अनुसार बिजली गिरने के बाद दोनों बच्चियां आम के पेड़ के पास अचेत अवस्था में मिलीं। सूचना मिलते ही परिजन और गांव के लोग मौके पर पहुंच गए, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार सिंह ने बताया कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस हृदयविदारक घटना से पूरे क्षेत्र में गहरा शोक है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।