रिपोर्ट: डॉ. परमेश्वर दयाल श्रीवास्तव
कोन(सोनभद्र)। सोन नदी और रिहंद जलाशय में नहाने के दौरान डूबे चार किशोरों के शव बुधवार को बरामद कर लिए गए। कोन थाना क्षेत्र के रोगहीं निवासी कृष्णा निषाद (13) और नैकाहा निवासी पवन निषाद (14) हर्रा गांव के सोनझर टोला के पास दोस्तों के साथ सोन नदी में नहाने गए थे। गहरे पानी और तेज धारा की चपेट में आने से दोनों डूब गए। पुलिस, गोताखोरों और परिजनों ने लगातार तलाश अभियान चलाया। बुधवार सुबह करीब आठ बजे पवन का शव घटनास्थल से लगभग एक किलोमीटर दूर मिला, जबकि कृष्णा का शव करीब 600 मीटर दूरी पर बरामद हुआ। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
• रिहंद जलाशय में भी दो किशोरों की गई जान, घंटों चला सर्च अभियान
कोटा बोट प्वाइंट पर नहाने के दौरान अंकित दास (17) और पीयूष सिंह (17) रिहंद जलाशय में डूब गए थे। खोजबीन के दौरान जलाशय किनारे दोनों के कपड़े और अन्य सामान मिले थे। बुधवार को चले सर्च अभियान में पहले पीयूष सिंह का शव बरामद किया गया, जबकि अंकित दास का शव शाम करीब सात बजे मिला। तलाशी अभियान के दौरान एसडीएम, सीओ, प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र राय, पुलिस टीम, गोताखोर तथा बोट के साथ मछली ठेकेदार के कर्मचारी मौजूद रहे। चारों किशोरों के शव मिलने के बाद परिवारों में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।