अजीत पाण्डेय संवाददाता
बभनी(सोनभद्र)। थाना क्षेत्र के भंवर ग्राम पंचायत स्थित मगरमाड़ टोला में शुक्रवार रात 25 वर्षीय अर्चना देवी पत्नी राम संजीवन का शव घर से करीब 50 मीटर दूर परास के पेड़ पर साड़ी के फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी भेज दिया। मृतका का सात माह का एक बच्चा भी है। बताया जा रहा है कि जिस साड़ी को मृतका ने पहन रखा था, उसी के फंदे से शव लटका मिला।
• पिता ने लगाया दहेज हत्या का आरोप
मृतका के पिता राम मिलन, निवासी छत्तीसगढ़, ने ससुराल पक्ष पर दहेज हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि शुक्रवार रात उन्हें फोन पर बेटी की मौत की सूचना मिली और उनके पहुंचने से पहले ही शव को फंदे से उतार लिया गया था। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। प्रभारी निरीक्षक दिन्नु प्रसाद यादव ने बताया कि मृतका के पिता की लिखित तहरीर प्राप्त हुई है और मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।