रिपोर्ट: डॉ. परमेश्वर दयाल श्रीवास्तव
सोनभद्र(राबर्ट्सगंज)। उरमौरा स्थित होटल वैभव में राज्य कर विभाग द्वारा व्यापारी संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मिर्जापुर मंडल से आए ज्वॉइंट कमिश्नर डी.के. दुबे ने किया। कार्यक्रम का उद्देश्य व्यापारियों की समस्याओं का समाधान, कर संबंधी जागरूकता बढ़ाना तथा विभाग और व्यापारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना रहा। विभागीय अधिकारियों ने व्यापारियों को जीएसटी के विभिन्न प्रावधानों, ऑनलाइन रिटर्न दाखिल करने की प्रक्रिया, ई-वे बिल, कर अनुपालन एवं शासन की विभिन्न सुविधाओं की जानकारी दी। इस दौरान व्यापारियों ने अपनी समस्याएं, सुझाव और व्यवहारिक कठिनियां अधिकारियों के समक्ष रखीं। अधिकारियों ने समस्याओं के प्राथमिकता के आधार पर समाधान का भरोसा दिलाया।
• व्यापारियों ने कार्यालय सुविधाओं और सचल दल की कार्यप्रणाली पर भी रखी मांगें
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन के जिला अध्यक्ष कौशल शर्मा ने राज्य कर विभाग कार्यालय में व्यापारियों के बैठने एवं पेयजल की व्यवस्था न होने का मुद्दा उठाते हुए तत्काल सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि एक प्रदेश से दूसरे प्रदेश में माल ले जा रहे वाहनों को बीच रास्ते में रोकने अथवा माल सीज करने की कार्रवाई पर हाई कोर्ट की गाइडलाइन के अनुरूप ध्यान दिया जाना चाहिए। साथ ही ट्रांसपोर्ट वाहनों की चाबी और मोबाइल लेने जैसी कार्यवाहियों पर रोक लगाने की मांग भी रखी। उन्होंने कहा कि कोरोना काल के बाद छोटे व्यापारी आर्थिक चुनौतियों से जूझ रहे हैं और ऑनलाइन व्यापार तथा जटिल कानूनी प्रक्रियाओं का भी असर उन पर पड़ रहा है। कार्यक्रम में रितेश मिश्रा, बी.के. बंसल, सुधीर गौतम, अजय यादव, उपेंद्र कुमार, मनीष कुमार, अशोक श्रीवास्तव, एसपी सिंह, ध्रुव प्रताप सिंह, सियाराम सिंह, पवन शर्मा, धर्मेंद्र ओझा, भगत सिंह, राजेश गुप्ता समेत बड़ी संख्या में व्यापारी एवं विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।