Breaking News
बेखबर रफ्तार बनी आफत, दो अलग-अलग हादसों में चार लोग घायल     |     हाथी दांत की तस्करी का भंडाफोड़, संयुक्त कार्रवाई में तीन तस्कर गिरफ्तार     |     शादी के दो माह बाद उजड़ गया सुहाग, सड़क किनारे खून से लथपथ मिला युवक का शव     |     
Share on

  मंजय वर्मा की रिपोर्ट

• मीरजापुर में वन विभाग, WCCB और STF की संयुक्त टीम ने हाथी दांत समेत वन्यजीव अवयव बरामद कर तीन आरोपियों को पकड़ा

लालगंज(मीरजापुर)। संरक्षित वन्यजीवों के अंगों की अवैध तस्करी के खिलाफ चलाए गए संयुक्त अभियान में मीरजापुर वन प्रभाग, वन्यजीव अपराध नियंत्रण ब्यूरो (WCCB) और विशेष कार्य बल (STF) की टीम ने बड़ी सफलता हासिल की है। गोपनीय सूचना के आधार पर थाना जिगना क्षेत्र के बाबा कलेश्वर मंदिर के पास की गई कार्रवाई में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से लगभग 1.49 किलोग्राम वजन के दो हाथी दांत, लगभग 800 ग्राम वजन का हाथी का जबड़ा, एक स्प्लेन्डर मोटरसाइकिल, तीन मोबाइल फोन और पहचान के लिए प्रयुक्त 10 रुपये का नोट बरामद किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अविलेश कुमार शुक्ला, राममनी यादव और देवेश्वर के रूप में हुई है, जो प्रयागराज जनपद के निवासी बताए गए हैं।

• संरक्षित वन्यजीवों की तस्करी से जुड़े नेटवर्क की जांच जारी

प्रभागीय वनाधिकारी राकेश कुमार ने बताया कि आरोपियों के विरुद्ध वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की विभिन्न धाराओं के तहत विधिक कार्रवाई की गई है। बरामद वन्यजीव अवयवों, वाहन और अन्य सामग्री को कब्जे में लेकर मामले की विस्तृत विवेचना की जा रही है। प्रारंभिक जांच में आरोपियों के संरक्षित वन्यजीवों के अंगों के अवैध व्यापार और तस्करी से जुड़े होने की आशंका जताई गई है। मामले में अन्य संभावित आरोपियों और पूरे तस्करी नेटवर्क की पहचान के लिए वन विभाग, WCCB और STF की संयुक्त टीम जांच में जुटी हुई है। अभियान में श्रवण कुमार यादव, क्षेत्रीय वन अधिकारी लालगंज रेंज, आनंद शेखर, क्षेत्रीय वन अधिकारी चुनार रेंज सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों की सक्रिय भूमिका रही। वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि वन्यजीव अपराधों के प्रति विभाग की शून्य सहिष्णुता नीति है और ऐसे मामलों में कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।





Top