वीरेंद्र कुमार संवाददाता
सोनभद्र(विंढमगंज)। थाना क्षेत्र के ग्राम पकरी में घरेलू विवाद एक परिवार के लिए काल बन गया। बीती रात लगभग 11:30 बजे सोनू पुत्र श्री नाथ और उसके पिता श्री नाथ पुत्र भृगून के बीच किसी घरेलू बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोप है कि सोनू ने डंडे से पिता के सिर पर वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद परिजन आनन-फानन में उन्हें उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र विंढमगंज ले गए, जहां चिकित्सक डॉ. सत्येंद्र प्रसाद ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
• शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया, आरोपी पुत्र हिरासत में
घटना की सूचना मिलने पर विंढमगंज पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी भेज दिया। वहीं घटना के आरोपी पुत्र सोनू को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस के अनुसार मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।