रघुराज सिंह संवाददाता
सोनभद्र(बीजपुर)। डोडहर क्रिकेट क्लब के तत्वावधान में आयोजित डोडहर प्रीमियर लीग सीजन-2 का शुभारंभ ग्राम प्रधान प्रतिनिधि रामभजन एवं समृद्धि जन कल्याण ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने फीता काटकर किया। उद्घाटन मुकाबला लोको पायलट-11 और बिहारपुर के बीच खेला गया, जिसमें पहले बल्लेबाजी करते हुए लोको पायलट-11 ने 8 ओवर में 111 रन बनाए। जवाब में बिहारपुर की टीम 8 ओवर में दो विकेट खोकर 77 रन ही बना सकी और मुकाबला हार गई। लोको पायलट-11 के इमरोज को 22 गेंदों में 63 रन की शानदार पारी के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया। दूसरे मुकाबले में पूर्वांचल आर्मी अनपरा ने करकच्छी को 66 रन से हराते हुए जीत दर्ज की। इस मैच में सूरज गुप्ता ने 15 गेंदों में 41 रन बनाए और मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार हासिल किया।
• रोमांचक क्वार्टर फाइनल में लोको पायलट-11 को हराकर पूर्वांचल आर्मी पहुंची सेमीफाइनल में
पहले क्वार्टर फाइनल मुकाबले में पूर्वांचल आर्मी अनपरा और लोको पायलट-11 आमने-सामने थीं। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पूर्वांचल आर्मी ने निर्धारित 8 ओवर में 75 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी लोको पायलट-11 की टीम 4 विकेट खोकर 58 रन ही बना सकी और पूर्वांचल आर्मी ने 17 रन से जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। इस रोमांचक मुकाबले में रिहान ने 21 गेंदों में 27 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली, जिसके लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच का खिताब दिया गया। खेल मैदान दर्शकों से खचाखच भरा रहा और आयोजन समिति द्वारा खिलाड़ियों के लिए भोजन व ठहरने की व्यवस्था की सराहना की गई। मैच में मुकेश पाल और मसरूर ने अंपायर, युवराज ने स्कोरर तथा गुड्डू ने कमेंटेटर की भूमिका निभाई।
.