अजीत पाण्डेय संवाददाता
सोनभद्र(बभनी)। स्थानीय थाना क्षेत्र में मंगलवार तड़के हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक व्यापारी की मौत हो गई। बभनी निवासी गिरवर प्रसाद (47) पुत्र विरझू प्रसाद प्रतिदिन की तरह सुबह करीब पौने पांच बजे मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे। इसी दौरान बभनी-अंबिकापुर मार्ग पर बीआरसी के समीप रेणुकूट की ओर जा रही एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बभनी पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
• दो बेटियों और एक बेटे के सिर से उठा पिता का साया, वाहन की तलाश में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक अपने पीछे दो बेटियां और एक बेटा छोड़ गए हैं। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक डीपी यादव ने बताया कि किसी तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से व्यक्ति की मौत हुई है। दुर्घटना में शामिल पिकअप वाहन की तलाश की जा रही है और मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
.