मंजय वर्मा की रिपोर्ट
मिर्जापुर। जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार, आईएएस के निर्देश पर प्रस्तावित परिक्रमा पथ के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। सोमवार को एसडीएम एवं विशेष भूमि अध्याप्ति अधिकारी गुलाब चन्द्र ने धर्मार्थ विभाग से संबंधित परिक्रमा पथ के लिए क्रय की जा रही भूमि का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ राजस्व लेखपाल श्याम सिंह एवं धर्मार्थ विभाग के जूनियर इंजीनियर प्रवीण चौहान भी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान भूमि अधिग्रहण की प्रगति का जायजा लिया गया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
• शेष भू-स्वामियों से जल्द संपर्क कर बैनामा पूरा करने के निर्देश
एसडीएम गुलाब चन्द्र ने बताया कि जिलाधिकारी के स्पष्ट निर्देश हैं कि परिक्रमा पथ परियोजना के लिए भूमि खरीद में किसी प्रकार की देरी न हो। अब तक 25 से अधिक भू-स्वामियों से विक्रय पत्र (बैनामा) निष्पादित कराए जा चुके हैं। उन्होंने राजस्व एवं धर्मार्थ विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि शेष भू-स्वामियों से तत्काल संपर्क स्थापित कर बैनामे की प्रक्रिया शीघ्र पूरी कराई जाए। उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी स्वयं इस महत्वाकांक्षी परियोजना की निगरानी कर रहे हैं। परिक्रमा पथ के निर्माण से श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी तथा जिले में धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।