Breaking News
बीएचयू में उपचार के दौरान बुजुर्ग का निधन     |     बीएसए ने किया कस्तूरबा विद्यालय और एफएलएन प्रशिक्षण का निरीक्षण     |     छेड़खानी के आरोप में युवक को अर्द्धनग्न के घुमाया     |     
Share on

  मनीष कुमार संवाददाता

• गहरे गड्ढे में गिरने से सिर में लगी गंभीर चोट, अस्पताल में चिकित्सकों ने किया मृत घोषित

सोनभद्र(दुद्धी)। दुद्धी से बीडर की ओर जा रहे 18 वर्षीय छात्र विष्णु पनिका की सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसका साथी शिशु घायल हो गया। मंगलवार शाम करीब 7:30 बजे कस्बा स्थित बढ़नीनाला तालाब के पास नाइन टू नाइन होटल के समीप सामने से आ रही दूसरी बाइक से हल्की टक्कर के बाद उनकी मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर गहरे गड्ढे में जा गिरी। बताया गया कि विष्णु ने हेलमेट नहीं पहन रखा था और पत्थरों से टकराने के कारण उसके सिर में गंभीर चोट आई। घटना के समय मोहर्रम कार्यक्रम के चलते मौके पर पुलिस व सुरक्षा कर्मी मौजूद थे, जिनकी मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सक ने विष्णु को मृत घोषित कर दिया।

• पिता का पहले ही हो चुका था निधन, आईटीआई में प्रवेश की कर रहा था तैयारी

परिजनों के अनुसार विष्णु पनिका घर का सबसे बड़ा बेटा था और हाल ही में इंटरमीडिएट की परीक्षा देने के बाद आईटीआई में प्रवेश की तैयारी कर रहा था। उसके पिता का एक वर्ष पूर्व निधन हो चुका है। बेटे की असमय मौत से परिवार में कोहराम मच गया है और मां का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलने पर उपनिरीक्षक अमित कुमार व श्यामजी अस्पताल पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी हुई है।





Top