Breaking News
मीना बाजार घाघर नदी पुल निर्माण में अनियमितता का आरोप, मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत     |     मारपीट और अमानवीय कृत्य के मामले में बड़ी कार्रवाई, 10 आरोपी गिरफ्तार     |     बालिका सशक्तिकरण अभियान में चयन प्रक्रिया पर उठे सवाल     |     
Share on

  सौरभ की रिपोर्ट

• संयुक्त टीम ने कोन व दुद्धी क्षेत्र में किया औचक निरीक्षण

सोनभद्र(दुद्धी)। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग, प्रशासन एवं पुलिस की संयुक्त टीम ने कोन और दुद्धी क्षेत्र में अवैध एवं बिना मान्यता संचालित अस्पतालों के खिलाफ सघन अभियान चलाया। मुख्य चिकित्साधिकारी के निर्देशन में अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. गुलाब शंकर, संबंधित उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी तथा पुलिस बल की मौजूदगी में विभिन्न अस्पतालों का औचक निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान भरत हॉस्पिटल और ग्लोबल हॉस्पिटल पूर्व से सील अवस्था में मिले, जबकि आवश्यक अभिलेखों और वैधानिक मानकों की जांच के बाद के.एम. हॉस्पिटल तथा नेशनल हॉस्पिटल को सीज कर दिया गया। वहीं, राधा रानी हॉस्पिटल नाम का कोई चिकित्सालय मौके पर संचालित नहीं मिला।

सील तोड़कर चल रहे अस्पताल को दोबारा किया गया सीज

निरीक्षण के दौरान कोन स्थित इंडियन हॉस्पिटल, जिसे पहले सील किया जा चुका था, उसका ताला तोड़कर दोबारा संचालन किया जाना पाया गया। इस पर अपर मुख्य चिकित्साधिकारी, संबंधित उपजिलाधिकारी एवं क्षेत्राधिकारी की उपस्थिति में पुलिस बल के सहयोग से अस्पताल को तत्काल पुनः सीज कर दिया गया। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि बिना वैधानिक अनुमति संचालित तथा जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले अस्पतालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि आमजन को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।





Top