Breaking News
शिक्षकों की समस्याओं के निराकरण को लेकर राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ ने बीएसए से की समन्वय बैठक     |     करमा पर्व पर भाई-बहनों के अटूट प्रेम और विश्वास की दिखी झलक     |     पंडित दीनदयाल उपाध्याय की 110वीं जयंती पर भव्य काव्य संध्या 25 सितंबर को     |     
Share on

  रिपोर्ट: डॉ. परमेश्वर दयाल श्रीवास्तव

50 दिन में कार्य पूरा करने की समयसीमा, जिलाधिकारी ने दी कड़ी चेतावनी

सोनभद्र। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनसुनवाई एवं समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने पटवध-बसुहारी मार्ग पर घाघर नदी पर निर्माणाधीन सेतु, पहुंच मार्ग एवं सुरक्षात्मक कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। कार्य की धीमी गति पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने कार्यदायी संस्था और ठेकेदार को फटकार लगाई। पूर्व में ठेकेदार द्वारा 20 जून 2026 तक गर्डर लॉन्चिंग पूरी करने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अपेक्षित प्रगति न होने पर संबंधित ठेकेदार मेसर्स परीक्षित निर्माणक पर 20 लाख रुपये की लिक्विडेटेड डैमेज (एलडी) पेनल्टी लगाने के निर्देश दिए गए। यह राशि आगामी देयकों से काटी जाएगी। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनहित से जुड़ी परियोजनाओं में लापरवाही किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी।

12 अगस्त तक कार्य पूरा करने का लक्ष्य तय

बैठक में ठेकेदार ने 24 जून 2026 से आगामी 50 दिनों के भीतर यानी 12 अगस्त 2026 तक संपूर्ण कार्य पूरा करने की सहमति जताते हुए साप्ताहिक कार्ययोजना प्रस्तुत की। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि प्रत्येक सप्ताह कार्यस्थल पर वास्तविक प्रगति दिखाई देनी चाहिए और निर्धारित लक्ष्य से कम प्रगति मिलने पर अतिरिक्त पेनल्टी लगाई जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नियमित निरीक्षण कर निर्माण कार्य की निगरानी करने तथा आने वाली बाधाओं को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि सेतु निर्माण पूरा होने से क्षेत्र के हजारों लोगों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी और स्थानीय विकास को गति प्राप्त होगी।





Top