Breaking News
कटौली में कोयला लोड ट्रक पलटी, चालक गंभीर रूप से घायल     |     28 जून से शुरू होगा सघन पल्स पोलियो महाअभियान, सीडीओ ने जागरूकता रैली को दिखाई हरी झंडी     |     गोठानी शिव मंदिर का होगा पर्यटन के रूप में विकास, डीएम ने तैयार कराई कार्ययोजना     |     
Share on

  मनीष कुमार संवाददाता

• सील तोड़कर मरीजों का इलाज और ऑपरेशन जारी, डीएम ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश

(दुद्धी)सोनभद्र। रामनगर स्थित नेशनल हेल्थ केयर हॉस्पिटल को प्रशासन द्वारा सील किए जाने के बावजूद दोबारा संचालित किए जाने का मामला सामने आया है। शिकायत मिलने पर स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन की संयुक्त टीम ने अस्पताल में छापेमारी की तो अंदर मरीजों का इलाज चलता मिला। एक मरीज भर्ती था, जबकि ऑपरेशन के बाद एक अन्य मरीज को पीछे के रास्ते बगल के अर्द्धनिर्मित मकान में शिफ्ट कर दिया गया था। टीम ने मौके पर मौजूद युवतियों से पूछताछ की तो पहले उन्होंने खुद को तीमारदार बताया, बाद में नर्सिंग का प्रशिक्षण लेने और अस्पताल में कार्य करने की बात स्वीकार की। मामले को गंभीरता से लेते हुए अस्पताल को दोबारा सील कर दिया गया।

• अस्पताल संचालक पर होगी विधिक कार्रवाई, सीएचसी अधीक्षक को धमकाने का भी आरोप

गौरतलब है कि गत 23 जून की रात एसडीएम निखिल यादव, पुलिस एवं स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने मानकों के उल्लंघन मिलने पर अस्पताल को सील किया था। इसके बावजूद कुछ ही घंटों बाद ताला खोलकर अस्पताल का संचालन शुरू कर दिया गया। शिकायत पर जांच करने पहुंचे सीएचसी अधीक्षक डॉ. शाह आलम अंसारी ने इसकी सूचना उच्चाधिकारियों को दी। इसी दौरान अस्पताल में मौजूद एक युवक द्वारा अधीक्षक को धमकाने का भी आरोप है। बाद में नायब तहसीलदार ज्ञानेंद्र कुमार और कोतवाल धर्मेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच की। डीएम के निर्देश पर अस्पताल संचालक अनूप मौर्य के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।





Top