रघुराज सिंह संवाददाता
बीजपुर(सोनभद्र)। समूचे क्षेत्र में तीन दिनों से रुक-रुककर हो रही लगातार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त है। वहीं बीजपुर-रेणुकूट मार्ग पर सेवकामोड़ के समीप निर्माणाधीन अर्धनिर्मित पुलिया भारी वाहनों के आवागमन में बाधा बन गई है। पुलिया निर्माण के दौरान बनाए गए रूट डायवर्जन मार्ग पर शुक्रवार को एक भारी ट्रक कीचड़ और दलदल में फंस गया, जिसे काफी प्रयास के बाद भी नहीं निकाला जा सका। इसके बाद पुलिया के दोनों ओर मिट्टी डालकर शाम तक यात्री वाहनों और छोटे वाहनों का आवागमन बहाल किया गया, लेकिन रात में एक और भारी वाहन पुलिया पार करते समय दलदल में फंस गया।
• पुलिया के दोनों ओर भारी वाहनों की लगी कतार, यात्रियों को परेशानी
शनिवार से यात्री बसों में सवार यात्रियों को उतारकर किसी तरह बसों और चार पहिया वाहनों को कीचड़ व दलदल वाले मार्ग से निकाला जा रहा है। वहीं पुलिया के दोनों ओर भारी वाहनों की लंबी कतार लगी हुई है, जिससे वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस संबंध में लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता विनोद भारती ने बताया कि कीचड़ और दलदल वाले स्थान पर सोलिंग आदि डालकर वाहनों को निकालने का प्रयास किया जा रहा है।
.