बीजपुर(सोनभद्र)। लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर क्षेत्र में तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। एनटीपीसी आवासीय परिसर स्थित सूर्य कुण्ड, शिव मंदिर, जरहा के अजीरेश्वर धाम सरोवर, बीजपुर दूदहिया माता मंदिर, सब्जी मंडी, शांतिनगर, महुली, रजमिलान सहित विभिन्न गांवों के सरोवरों और कुओं पर साफ-सफाई, रंग-रोगन, समतलीकरण तथा झालरों और लाइटों से सजावट का कार्य तेजी से किया जा रहा है। अजीरेश्वर धाम जरहा, एनटीपीसी सूर्य कुण्ड और शिव मंदिर सहित प्रमुख घाटों पर हजारों की संख्या में व्रती महिलाएं परिजनों के साथ पूजा-अर्चना करने पहुंचती हैं।
मान्यता है कि छठ व्रत से पति की दीर्घायु, संतान की सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की जाती है।
चार दिवसीय छठ महापर्व शुक्रवार से शुरू होगा। पहले दिन नहाय-खाय के तहत व्रती महिलाएं लौकी, चावल और चना दाल का सेवन करेंगी। शनिवार को खरना का व्रत रखकर शाम को खीर-पूरी का प्रसाद ग्रहण करेंगी। रविवार को निर्जला व्रत रखकर फल, फूल, नारियल, गन्ना और प्रसाद के साथ घाटों पर पहुंचकर डूबते सूर्य को अर्घ्य देंगी। वहीं सोमवार को उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के बाद व्रत का पारण किया जाएगा।
रघुराज सिंह संवाददाता






