रॉबर्ट्सगंज(सोनभद्र)। दीपावली पर्व के अवसर पर लाइसेंसी दोनाली बंदूक से हर्ष फायरिंग कर उसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करना एक युवक को भारी पड़ गया। वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए रॉबर्ट्सगंज पुलिस ने आरोपी अरविन्द पटेल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से 12 बोर की एक दोनाली बंदूक और पांच जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, 8 नवंबर 2026 को दीपावली के अवसर पर अरविन्द पटेल निवासी ग्राम पिपरा ने अपने चाचा की लाइसेंसी बंदूक से हर्ष फायरिंग की थी, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। मामले में रॉबर्ट्सगंज थाने में आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
• शस्त्र लाइसेंस से संबंधित अभिलेख भी बरामद
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान अरविन्द पटेल पुत्र मुन्नू पटेल, निवासी ग्राम पिपरा, थाना रॉबर्ट्सगंज के रूप में हुई है। उसके पास से बंदूक और कारतूस के अलावा शस्त्र लाइसेंस से संबंधित अभिलेख भी बरामद किए गए हैं। कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक राजेश कुमार पाण्डेय और हेड कांस्टेबल संदीप यादव शामिल रहे। पुलिस द्वारा मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
SVG इण्डिया न्यूज डेस्क






