दुद्धी(सोनभद्र)। स्थानीय टाउन क्रिकेट क्लब मैदान पर गोवर्धन पूजा समिति की ओर से आयोजित होने वाली विराट गोवर्धन पूजा एवं बिरहा दंगल की तैयारियां मंगलवार शाम तक पूरी कर ली गईं। अखिल भारतवर्षीय यादव महासभा के अध्यक्ष जगतनारायण यादव ने बताया कि 11 नवंबर को गोवर्धन पूजा का विशेष आयोजन किया जाएगा। गांव-गांव से युवाओं की टोलियां गुरुवार को अपने-अपने अंदाज में श्रीरामलीला मैदान पहुंचेंगी। रात्रि में बिरहा मुकाबले का आयोजन होगा, जिसमें सुधीर लाल यादव और बिहार की मीरा मूर्ति के बीच मुकाबला होगा।
• नेपाल के सांसद मातृका प्रसाद यादव होंगे मुख्य अतिथि
जगतनारायण यादव ने बताया कि कार्यक्रम में नेपाल के सांसद मातृका प्रसाद यादव मुख्य अतिथि तथा नेपाल की विधायक रीना यादव विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इसके अलावा राम निहोर यादव सहित अन्य अतिथियों की उपस्थिति रहेगी। गोवर्धन पूजा का अनुष्ठान पूर्व वर्षों की भांति बाबा सुरेन्द्र पंथी द्वारा संपन्न कराया जाएगा। आयोजकों ने नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर गोवर्धन पूजा एवं बिरहा दंगल में सहभागिता करने की अपील की है।
मनीष कुमार संवाददाता






