सोनभद्र। रॉबर्ट्सगंज लोकसभा क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में सड़क संपर्क व्यवस्था मजबूत करने की दिशा में बड़ी पहल हुई है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई)-IV बैच-I (2026-27) के तहत सांसद छोटेलाल खरवार के संसदीय क्षेत्र में 24 सड़क निर्माण कार्यों को स्वीकृति मिली है।
केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं कृषि तथा किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने 3 नवंबर 2026 को सांसद को पत्र भेजकर इसकी जानकारी दी है। स्वीकृत सड़कों की कुल लंबाई 33.32 किलोमीटर है, जिन पर अनुमानित 29.61 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इन सड़कों से 24 बसावटों को सड़क संपर्कता मिलेगी।
• नगवां, रॉबर्ट्सगंज, चतरा, दुद्धी और म्योरपुर सहित कई ब्लॉकों को लाभ
जारी कार्य सूची के अनुसार नगवां, रॉबर्ट्सगंज, चतरा, दुद्धी, म्योरपुर और चोपन ब्लॉक के विभिन्न ग्रामीण मार्गों को शामिल किया गया है। इनमें बेठलिंक, अरंगी, सेमरी, कुशवाहा बस्ती, लवरेयार टोला, घघरी, मारिया बस्ती, रानीतारा सहित कई गांवों और टोलों को जोड़ने वाली सड़कें शामिल हैं। केंद्रीय मंत्री ने पत्र में निर्माण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराने तथा स्थानीय स्तर पर नियमित निगरानी करने की अपेक्षा जताई है, ताकि ग्रामीणों को लंबे समय तक बेहतर सड़क सुविधा मिल सके।
SVG इण्डिया न्यूज डेस्क






