विंढमगंज(सोनभद्र)। लोक आस्था के महापर्व छठ को सकुशल और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। दोपहर में उप जिलाधिकारी दुद्धी अशोक कुमार गुप्ता और क्षेत्राधिकारी दुद्धी विनय प्रभाकर साहनी ने सन क्लब सोसायटी के अध्यक्ष शिवम मद्धेशिया के साथ सततवाहिनी नदी स्थित छठ घाट का स्थलीय निरीक्षण किया।
इस दौरान अधिकारियों ने साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, बैरिकेडिंग, बिजली के तारों की सुरक्षा और पार्किंग व्यवस्था का जायजा लेते हुए संबंधितों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। नदी में गहराई वाले स्थानों को चिह्नित कर बैरिकेडिंग और चेतावनी बोर्ड लगाने के निर्देश भी दिए गए।
• महिला पुलिस और सिविल पुलिस की तैनाती के साथ सुरक्षा व्यवस्था रहेगी मुस्तैद
क्षेत्राधिकारी ने पुलिस बल को भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए। अर्घ्य के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिसकर्मियों को सतर्क रहने और संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखने को कहा गया। अधिकारियों ने छठ पूजा समिति के पदाधिकारियों और स्थानीय लोगों से बातचीत कर प्रशासन का सहयोग करने, घाटों पर स्वच्छता बनाए रखने तथा प्लास्टिक का प्रयोग नहीं करने की अपील की।
वीरेंद्र कुमार संवाददाता






