लालगंज(मिर्जापुर)। क्षेत्र के रानीबारी गांव में बीती रात करीब 12 बजे रविंद्र कुमार यादव की मड़ई में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग की लपटें उठती देख आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक मड़ई में रखा गृहस्थी का सामान जलकर राख हो गया। आग में रसोई का सामान, खाद खरीदने के लिए रखे रुपये, सरसों समेत अन्य जरूरी सामग्री नष्ट हो गई। पीड़ित परिवार के अनुसार अग्निकांड में 25 हजार रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है।
• 11 हजार वोल्ट के तार से आग लगने की आशंका
ग्रामीणों ने मड़ई के ऊपर से गुजर रहे 11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन बिजली तार से चिंगारी गिरने के कारण आग लगने की आशंका जताई है, हालांकि आग लगने का वास्तविक कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। ग्राम प्रधान अमर बहादुर ने बताया कि घटना की सूचना नायब तहसीलदार एवं उपजिलाधिकारी को दे दी गई है। प्रशासन की ओर से नियमानुसार सहायता दिलाने का प्रयास किया जाएगा। वहीं, ग्रामीणों ने प्रशासन से नुकसान का आकलन कराकर पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।
मंजय वर्मा की रिपोर्ट






