रिपोर्ट: डॉ. परमेश्वर दयाल श्रीवास्तव
सोनभद्र। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने गोठानी स्थित प्राचीन शिव मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर जनपदवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद उन्होंने मंदिर परिसर और प्रस्तावित पर्यटन विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने पर्यटन विभाग को गोठानी शिव मंदिर को आकर्षक धार्मिक एवं पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के लिए व्यापक कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। वहीं मंदिर तक पहुंचने वाली स्वीकृत सड़क का निर्माण कार्य शुरू न होने पर नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्य प्रारंभ कराने के निर्देश दिए। साथ ही सड़क निर्माण में अधिग्रहित भूमि के किसानों को मुआवजा वितरण के लिए सोमवार से तहसील में विशेष कैंप लगाने का आदेश दिया।
• प्रस्तावित बंधी का भी किया निरीक्षण, किसानों के हितों को प्राथमिकता देने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने भूमि संरक्षण विभाग द्वारा प्रस्तावित नई बंधी के निर्माण स्थल का भी जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को वैज्ञानिक एवं तकनीकी मानकों के अनुरूप निर्माण कार्य कराने तथा अंतिम स्वीकृति से पहले थर्ड पार्टी तकनीकी जांच कराने के निर्देश दिए। साथ ही स्पष्ट किया कि निजी भूमि पर डीएमएफ निधि से किसी भी प्रकार की स्वीकृति नहीं दी जाएगी। इस दौरान उप जिलाधिकारी ओबरा विवेक कुमार सिंह, भूमि संरक्षण विभाग एवं कृषि विभाग के अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।