रिपोर्ट: डॉ. परमेश्वर दयाल श्रीवास्तव
सोनभद्र। सघन पल्स पोलियो महाअभियान के सफल संचालन एवं जनजागरूकता के उद्देश्य से शनिवार को विकास भवन परिसर से पल्स पोलियो जनजागरूकता रैली निकाली गई। रैली को मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि पल्स पोलियो अभियान केवल स्वास्थ्य विभाग का कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनसहभागिता का महाअभियान है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि 0 से 5 वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएं। रैली में स्वास्थ्य विभाग, आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं सहित विभिन्न विभागों के कर्मचारी एवं स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि शामिल रहे।
• बूथों पर पिलाई जाएगी पोलियो की खुराक, बाद में घर-घर पहुंचेगी टीम
मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि 28 जून को जनपद के सभी निर्धारित पोलियो बूथों पर सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर छूटे हुए बच्चों को दवा पिलाएंगी। उन्होंने जनप्रतिनिधियों, ग्राम पंचायतों, स्वयं सहायता समूहों, आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से अभियान को घर-घर तक पहुंचाने में सहयोग की अपील करते हुए जनपदवासियों से पोलियो मुक्त भारत के संकल्प को सफल बनाने का आह्वान किया।