SVG इण्डिया न्यूज रूम
सोनभद्र। ओबरा थाना क्षेत्र में शादी का झांसा देकर युवती के साथ वर्षों तक दुष्कर्म करने, गर्भवती होने पर गर्भपात कराने और बाद में शादी से इनकार कर मारपीट व जातिसूचक शब्दों से अपमानित करने के आरोप में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। एससी-एसटी एक्ट समेत गंभीर धाराओं में वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया गया है। ओबरा थाना क्षेत्र में दर्ज इस मामले में पुलिस के अनुसार पीड़िता की पहचान सोशल मीडिया के माध्यम से आरोपी सुनील कुमार मौर्या से हुई थी। आरोप है कि आरोपी ने विवाह का झांसा देकर कई वर्षों तक उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए।पीड़िता का आरोप है कि गर्भवती होने पर आरोपी उसे नोएडा ले गया और शादी का भरोसा देकर गर्भपात के लिए दबाव बनाया। आरोप है कि उसकी जानकारी के बिना गर्भपात संबंधी दवा दी गई और 27 मई 2026 को एक निजी अस्पताल में गर्भपात करा दिया गया। पीड़िता का यह भी आरोप है कि विवाह की बात करने पर आरोपी और उसके परिजनों ने उसके साथ मारपीट की, अभद्र व्यवहार किया तथा जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर अपमानित किया। शिकायत के आधार पर ओबरा थाने में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं और एससी-एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। मामला दर्ज होने के बाद पुलिस लगातार आरोपी की तलाश में जुटी थी। मुखबिर की सूचना पर ओबरा स्थित शारदा मंदिर के पास से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि जनपद में अपराधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।