रिपोर्ट: डॉ. परमेश्वर दयाल श्रीवास्तव
सोनभद्र। पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश के निर्देश पर संचालित "ऑपरेशन दहन" के तहत पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के नेतृत्व में गठित जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल कमेटी (DDC) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जनपद के विभिन्न थानों पर एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज 145 अभियोगों से संबंधित कुल 1,897.811 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थों का सुरक्षित एवं विधिसम्मत विनिष्टीकरण कराया। अल्ट्राटेक सीमेंट लिमिटेड (डाला सीमेंट वर्क्स) के माध्यम से न्यायालय के आदेशों एवं सर्वोच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए यह कार्रवाई संपन्न हुई। नष्ट किए गए मादक पदार्थों में 1,894.924 किलोग्राम गांजा (अनुमानित मूल्य 9.47 करोड़ रुपये) तथा 2.887 किलोग्राम हेरोइन (अनुमानित मूल्य 5.77 करोड़ रुपये) शामिल रही। कुल नष्ट किए गए मादक पदार्थों का अनुमानित मूल्य 15 करोड़ 24 लाख 86 हजार 200 रुपये आंका गया।
• ऑपरेशन दहन के तहत सुरक्षित निस्तारण, नशा मुक्त जनपद का संकल्प दोहराया
इस कार्रवाई में थाना राबर्ट्सगंज के 129, कोन के 2 तथा दुद्धी के 14 अभियोगों से बरामद मादक पदार्थों का निस्तारण किया गया। पुलिस के अनुसार, जब्त मादक पदार्थ लंबे समय से सुरक्षित रखे गए थे, जिनका नियमानुसार निस्तारण 1 मार्च से 30 जून 2026 तक संचालित ऑपरेशन दहन अभियान के अंतर्गत किया गया। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अनिल कुमार एवं क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर कुमार मिश्रा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। सोनभद्र पुलिस ने कहा कि जनपद को नशा मुक्त बनाने तथा अवैध मादक पदार्थों के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए भविष्य में भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।