रिपोर्ट: डॉ. परमेश्वर दयाल श्रीवास्तव
सोनभद्र। संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जनपद में व्यापक निरीक्षण अभियान चलाकर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता की जांच की। अभियान के दौरान कटे फल, गन्ने का जूस, खुली मिठाइयों समेत विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने दुकानदारों को साफ-सफाई बनाए रखने, खाद्य पदार्थों को ढककर रखने तथा प्रतिबंधित रसायनों का प्रयोग न करने के निर्देश दिए। विभाग ने स्पष्ट किया कि जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
• बिना लाइसेंस संचालित दो मीट दुकानों पर मुकदमा दर्ज
इसी अभियान के दौरान कोन थाना क्षेत्र के ग्राम कचनरवा में संचालित दो अवैध मीट दुकानों का निरीक्षण किया गया। जांच में बिना खाद्य पंजीकरण एवं लाइसेंस के मीट बिक्री की पुष्टि होने पर संबंधित विक्रेताओं के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की गई। विभाग ने चेतावनी दी कि बिना अनुमति खाद्य कारोबार करने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान चलाकर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी, ताकि आमजन को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराए जा सकें।