रिपोर्ट: डॉ. परमेश्वर दयाल श्रीवास्तव
सोनभद्र। कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के शुभारंभ कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुआ। इस दौरान जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने शिक्षकों को योजना से संबंधित प्रमाण-पत्र वितरित किए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षकों के स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं सम्मान के लिए निरंतर कार्य कर रही है। यह योजना शिक्षकों एवं उनके परिवारों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ उनकी सामाजिक सुरक्षा को भी मजबूत करेगी। कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री के संबोधन का सजीव प्रसारण देखा।
• 12 लाख शिक्षकों को मिलेगा लाभ, विद्यार्थियों के खातों में डीबीटी से पहुंचेगी सहायता राशि
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने योजना के तहत प्रदेश के लगभग 12 लाख शिक्षकों एवं उनके परिवारों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की घोषणा की। साथ ही 1.10 करोड़ विद्यार्थियों को डीबीटी के माध्यम से यूनिफॉर्म, जूता, मोजा, स्वेटर, बैग एवं स्टेशनरी के लिए प्रति छात्र-छात्रा ₹1200 की धनराशि प्रदान की जाएगी। इसके अतिरिक्त 10 लाख शिक्षकों एवं संविदा कर्मियों की सामाजिक सुरक्षा के लिए स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के साथ एमओयू भी किया गया। कार्यक्रम में जिला विद्यालय निरीक्षक जयराम सिंह, बेसिक शिक्षा अधिकारी मुकुल आनंद पांडेय, समाज कल्याण राज्य मंत्री के प्रतिनिधि संजीव कुमार तिवारी सहित जनप्रतिनिधि, शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक, रसोइया एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
.