Breaking News
चलती साइकिल पर चढ़ने की कोशिश में हादसा, 12 वर्षीय बालक के दोनों हाथ फ्रैक्चर     |     हिंदुस्तान ओलंपियाड में दुद्धी के चार छात्रों ने किया उत्कृष्ट प्रदर्शन     |     डग्गामार वाहन खराब होने पर बच्चों ने लगाया धक्का, स्कूली सुरक्षा पर उठे सवाल     |     
Share on

  रिपोर्ट: डॉ. परमेश्वर दयाल श्रीवास्तव

• महर्षि चरक औषधि वन, समरस वन, समृद्धि वन समेत कई नए वन होंगे स्थापित

सोनभद्र। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में 12 जुलाई को होने वाले पौधरोपण महाअभियान-2026 की तैयारियों की समीक्षा की गई। बैठक में बताया गया कि प्रदेश सरकार के 35 करोड़ पौधरोपण लक्ष्य के तहत सोनभद्र में 1 करोड़ 67 लाख 91 हजार 100 पौधे लगाए जाएंगे। इस अभियान में 28 विभागों को लक्ष्य सौंपा गया है। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को समय से पौध उठान और रोपण की तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान महर्षि चरक औषधि वन, समरस वन, समृद्धि वन, कपि वन, ऊर्जा वन तथा एक विशेष वाटिका की स्थापना की जाएगी, जिससे पर्यावरण संरक्षण के साथ लोगों को औषधीय और फलदार पौधों के प्रति भी जागरूक किया जा सके।

• मिशन छाया के तहत सड़कों के किनारे लगेंगे छायादार पौधे, ग्राम पंचायतों में होगी ग्रीन चौपाल

जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कहा कि इस वर्ष पौधरोपण अभियान को जनभावनाओं, संस्कृति और प्रमुख त्योहारों से जोड़ा जाएगा। स्वतंत्रता दिवस और रक्षाबंधन पर भी विशेष पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। प्रत्येक ग्राम पंचायत में ग्रीन चौपाल लगाकर लोगों को पौधरोपण के लाभ और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया जाएगा। वहीं मिशन छाया के तहत सड़कों के दोनों किनारों पर बड़े पैमाने पर छायादार पौधे लगाए जाएंगे, ताकि भविष्य में तापमान कम हो और हीटवेव के प्रभाव को नियंत्रित किया जा सके। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों को अभियान को जनसहभागिता के साथ सफल बनाने के निर्देश दिए गए।





Top