अजीत पाण्डेय संवाददाता
बभनी(सोनभद्र)। थाना क्षेत्र के करकच्छी गांव में युवक के साथ मारपीट और कथित अमानवीय व्यवहार के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, छेड़खानी के विवाद को लेकर एक युवक को रास्ते से पकड़कर घर के अंदर ले जाया गया, जहां उसके साथ लाठी-डंडों से मारपीट की गई। आरोप है कि घटना के दौरान युवक के साथ अमानवीय व्यवहार भी किया गया और पूरी घटना का वीडियो भी बनाया गया। इस मामले में पीड़ित के भाई सरजू पुत्र हनुमान प्रसाद ने शुक्रवार को बभनी थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की थी।
• राजेंद्र और अजय गिरफ्तार, अन्य की भूमिका की जांच जारी
पीड़ित की शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देश पर आरोपियों की तलाश शुरू की गई, जिसके बाद पुलिस ने करकच्छी निवासी राजेंद्र पुत्र छबिलाल और उसके पुत्र अजय को गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। घटना से जुड़े वीडियो और अन्य साक्ष्यों को जांच का हिस्सा बनाया गया है तथा साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
अपडेट: ताजा अपडेट के अनुसार पुलिस मामले में अब तक 10 आरोपियों की गिरफ्तारी कर चुकी है