Breaking News
मछली मारने गए अधेड़ का रिहंद जलाशय में मिला शव     |     आरएसएस के सह सरकार्यवाह के आगमन पर विभिन्न कार्यक्रमों का होगा आयोजन     |     श्रावण शिवरात्रि पर रिहंदेश्वर महादेव का हुआ भव्य रुद्राभिषेक     |     
Share on

  अजीत पाण्डेय संवाददाता

• सतबहनी पीएचसी विवाद में ग्रामीण ने कार्रवाई से किया इनकार, अस्पताल प्रबंधन पर लगाए गए आरोपों से उठे सवाल

बभनी(सोनभद्र)। सतबहनी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में रविवार रात गाना बजाने और कथित शराब पार्टी को लेकर हुए विवाद का मामला अब नया मोड़ लेता नजर आ रहा है। दो ग्रामीणों ने अस्पताल में तैनात चिकित्सक और कर्मचारियों पर मारपीट का आरोप लगाते हुए सोमवार को पुलिस से शिकायत की थी और इसके बाद ग्रामीणों ने अस्पताल परिसर में प्रदर्शन कर चिकित्सक को हटाने व विभागीय कार्रवाई की मांग भी उठाई थी। बताया गया कि मारपीट में घायल एक व्यक्ति पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य भी रह चुका है और घटना के बाद उसने आपबीती बताते हुए भावुक होकर अपनी बात रखी थी। हालांकि मंगलवार को पुलिस से पूछताछ के दौरान शिकायतकर्ता ने अब किसी तरह की कार्रवाई नहीं चाहने की बात कही। इससे पूरे मामले को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार ने बताया कि पीड़ित अब मामले में कोई कार्रवाई नहीं चाहता है।

• आरोपों के बाद शिकायत वापस लेने से उठे सवाल, स्वास्थ्य विभाग ने कहा- शिकायत मिलने पर होगी कार्रवाई

ग्रामीण के पीछे हटने के बाद अस्पताल में लगाए गए गाना बजाने, शराब पार्टी और दुर्व्यवहार जैसे आरोपों को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं। वहीं स्वास्थ्य विभाग की ओर से मामले पर फिलहाल कोई कार्रवाई नहीं की गई है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी सोनभद्र ने कहा कि मीडिया के माध्यम से मामले की जानकारी मिली है, लेकिन विभाग के पास किसी व्यक्ति की ओर से कोई शिकायत नहीं आई है। उन्होंने कहा कि यदि कोई शिकायत प्राप्त होती है तो मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। ऐसे में सवाल यह भी है कि यदि आरोप निराधार थे तो ग्रामीणों ने अस्पताल पहुंचकर प्रदर्शन क्यों किया और चिकित्सक व कर्मचारियों पर गंभीर आरोप क्यों लगाए। अब शिकायतकर्ता के पीछे हटने के बाद पूरे घटनाक्रम की वास्तविकता जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।





Top