अजीत पाण्डेय संवाददाता
बभनी(सोनभद्र)। प्रवर्तन दल सोनभद्र और विद्युत वितरण टीम नधिरा-बभनी की संयुक्त टीम ने बुधवार को क्षेत्र में औचक छापेमारी की। टीम ने आश्रम मोड़, म्योरपुर, नधिरा और बभनी क्षेत्र में जांच अभियान चलाया। बभनी में दो उपभोक्ताओं के यहां जांच के दौरान अनियमितता पाए जाने पर बिजली चोरी संबंधी कार्रवाई की गई। एक उपभोक्ता के यहां कनेक्शन अवैध पाया गया, जबकि दूसरे उपभोक्ता के यहां अतिरिक्त भार के माध्यम से बिजली चोरी किए जाने का मामला सामने आया। कार्रवाई के दौरान करीब 50 हजार रुपये राजस्व की वसूली की गई, जबकि दो अन्य उपभोक्ताओं को नया विद्युत कनेक्शन भी दिया गया।
• संयुक्त कार्रवाई से अवैध कनेक्शनधारियों में मची अफरा-तफरी
विद्युत विभाग की अचानक हुई छापेमारी से क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति रही और अवैध कनेक्शनधारियों में अफरा-तफरी मची रही। विभाग की टीम ने उपभोक्ताओं को विद्युत चोरी से बचने तथा वैध कनेक्शन लेकर ही बिजली का उपयोग करने की हिदायत दी। कार्रवाई के दौरान प्रवर्तन दल सोनभद्र, अवर अभियंता महेश कुमार, टीजी-2 प्रमोद जायसवाल और लाइनमैन श्रवण कुमार सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।