रिपोर्ट: डॉ. परमेश्वर दयाल श्रीवास्तव
सोनभद्र। योगी सरकार की वंदन योजना के तहत जनपद के दो प्राचीन धार्मिक स्थलों के कायाकल्प की तैयारी शुरू हो गई है। शासन ने दुद्धी नगर पंचायत स्थित प्राचीन महावीर जी मंदिर और नगर पंचायत चुर्क-घुर्मा स्थित मां शीतला माता मंदिर में अवस्थापना सुविधाओं के विकास के लिए बजट स्वीकृत किया है। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ के अनुसार महावीर जी मंदिर में 1.93 करोड़ रुपये तथा मां शीतला माता मंदिर में 1.99 करोड़ रुपये की लागत से विकास कार्य कराए जाएंगे। दोनों मंदिरों के लिए कुल करीब चार करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। वंदन योजना के तहत मंदिरों के आसपास श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए लिंक रोड, मंदिर परिसर में साज-सज्जा, प्रकाश और पेयजल सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं का विकास कराया जाएगा। इससे श्रद्धालुओं को मंदिरों तक पहुंचने और वहां रुकने में बेहतर सुविधा मिलेगी।
विकास से धार्मिक पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद के प्राचीन धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों को बेहतर अवस्थापना सुविधाओं से जोड़ने के लिए जिला प्रशासन की ओर से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। जनप्रतिनिधियों के सहयोग से शासन को भेजे गए प्रस्तावों के क्रम में दोनों मंदिरों के विकास को स्वीकृति मिली है। विकास कार्य पूरे होने के बाद श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलने के साथ दोनों प्राचीन धार्मिक स्थल पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र भी बन सकेंगे। उन्होंने कहा कि सोनभद्र प्राकृतिक संपदा के साथ धार्मिक और ऐतिहासिक दृष्टि से भी समृद्ध है। प्राचीन मंदिरों एवं धार्मिक स्थलों पर आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होने से स्थानीय लोगों के साथ बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को भी लाभ मिलेगा तथा धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।